छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को गंगाजल मिश्रित पानी में अर्घ्य देने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए बक्सर के रामरेखा घाट से नौ टैंकर गंगाजल भरकर औरंगाबाद रवाना किए गए हैं। इस पानी को देव सूर्य मंदिर परिसर के अलावा शहर और आसपास के तालाबों-पोखरों में मिलाया जाएगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बिहार में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच बक्सर की उत्तरायणी गंगा का जल औरंगाबाद के प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर परिसर सहित विभिन्न जलाशयों तक पहुंचाया जा रहा है। शुक्रवार को बक्सर के रामरेखा घाट से नौ टैंकर गंगाजल भरकर औरंगाबाद के लिए रवाना किए गए। इस पहल का उद्देश्य छठ व्रतियों को पूजा और सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए तैयार किए जा रहे तालाबों और पोखरों में गंगाजल उपलब्ध कराना है।
विज्ञापन
रामरेखा घाट से भरे गए नौ टैंकर
जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद नगर परिषद के नौ बड़े टैंकर शुक्रवार को बक्सर के रामरेखा घाट पहुंचे। यहां पहले से ही पंप लगाने की व्यवस्था की गई थी। पंप के जरिए गंगा की उत्तरवाहिनी धारा से टैंकरों में पानी भरा गया। सभी नौ टैंकरों में गंगाजल भरने के बाद उन्हें एक साथ औरंगाबाद के लिए रवाना कर दिया गया।
देव सूर्य मंदिर में उमड़ते हैं हजारों श्रद्धालु
औरंगाबाद जिले के देव स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व है। यहां हर साल छठ पूजा के अवसर पर बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु और व्रती पहुंचते हैं। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के जलाशयों में विशेष इंतजाम किए जाते हैं। ऐसे में गंगाजल की व्यवस्था को श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
विज्ञापन
शहर के तालाबों और पोखरों में भी पहुंचेगा गंगाजल
रामरेखा घाट से भेजे गए नौ टैंकरों के गंगाजल को केवल देव सूर्य मंदिर परिसर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे औरंगाबाद शहर और आसपास के विभिन्न तालाबों एवं पोखरों में भी मिलाया जाएगा। इन जलाशयों को छठ पूजा के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकें।
धार्मिक आस्था से जुड़ी है पहल
बक्सर की उत्तरायणी गंगा से गंगाजल औरंगाबाद पहुंचाने की इस पहल को छठ महापर्व के प्रति श्रद्धा और धार्मिक आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे देव सूर्य मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय छठ व्रतियों को भी गंगाजल मिश्रित जलाशयों में अर्घ्य देने का अवसर मिलेगा।