अस्पताल में भर्ती घायल श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से कुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन बक्सर-कैमूर स्टेट हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। यह हादसा रामपुर पेट्रोल पंप के पास तड़के करीब चार बजे हुआ, जब चालक को नींद आ गई और वाहन सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गया। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें से पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि अन्य को मामूली चोटें आईं।
बिजली के पोल से टकराया वाहन
चश्मदीदों और घायलों के मुताबिक, श्रद्धालु प्रयागराज में कुंभ स्नान कर अपने घर लौट रहे थे। रामपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही वाहन के चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया और पलट गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायलों को तुरंत रामपुर से चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बक्सर सदर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं में छपरा के वंकेरवावन गिरिजा कुंवर (70), आमी निवासी इंदु देवी (45), सनोज सिंह (55), फुलपातो देवी (55) और ओमप्रकाश साह (45) शामिल हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज बक्सर सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया
राजपुर थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया। सभी घायलों को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसका मुख्य कारण चालक को झपकी आना और तेज रफ्तार में वाहन चलाना है। पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के विस्तृत कारणों की जांच कर रही है।