बिहार के बाढ़ अनुमंडल के मिल्की गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करते समय छेड़खानी के आरोप को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट और गोलीबारी में बदल गया।
बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी प्रखंड अंतर्गत सम्यागढ़ थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करते समय छेड़खानी के आरोप को लेकर दो जातियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान मारपीट और गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
शादी में डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मिल्की गांव में चार शादियों का आयोजन था। सभी लोग ब्रह्मस्थान में पूजा के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान डीजे की धुन पर नाचने के दौरान छेड़खानी के आरोप को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बड़े विवाद में बदल गई।
लाठी-डंडों और हथियारों से हमला, फायरिंग भी हुई
विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के दबंगों ने लाठी-डंडों और अवैध हथियारों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और शादी में आए परिजनों व रिश्तेदारों के साथ बेरहमी से पिटाई की गई। इसी दौरान दहशत फैलाने के लिए एक पक्ष ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस हिंसक झड़प में मौली महतो नामक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। जातीय संघर्ष की आशंका को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। एसडीपीओ-1 रामकृष्णा ने बताया कि शाम करीब सात बजे सूचना मिली थी कि मिल्की गांव में चार शादियां थीं और लोग ब्रह्मस्थान में पूजा के लिए जुटे थे। इसी दौरान छेड़खानी के आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो हिंसक हो गया। इस घटना में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी, जिसे पहले निजी अस्पताल में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। घायल व्यक्ति का फर्द बयान लिया गया है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी हुई है।