बिहटा में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की कथित पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दो कट्ठा जमीन और रुपये की मांग करने तथा मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की कथित रूप से पिटाई किए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका का पति समेत ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। मृतका की पहचान दीपू उर्फ दीपक कुमार की 24 वर्षीय पत्नी माला उर्फ पीहू कुमारी के रूप में हुई है।
विज्ञापन
दो कट्ठा जमीन और रुपये की मांग का आरोप
मृतका के भाई चंदन कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। परिवार के मुताबिक, ससुराल पक्ष की ओर से दो कट्ठा जमीन और रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
मारपीट के बाद बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत
परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका के भाई ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज के लिए मारपीट करने और उसकी बहन की जान लेने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इधर, बिहटा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नामजद आरोपियों की खोजबीन जारी है।