फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: 2047 तक बदलेगी बिहारशरीफ की तस्वीर, रिंग रोड से रिवरफ्रंट तक 14 बड़े विकास प्रस्तावों का रोडमैप तैयार

Sat, 28 Nov 2026 09:28 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बिहारशरीफ

सार

बिहारशरीफ को 2047 तक आधुनिक और सुनियोजित शहर बनाने के लिए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की कार्यान्वयन रणनीति तैयार की गई है। इसमें रिंग रोड, बाईपास, रिवरफ्रंट, औद्योगिक क्षेत्र, आवास, स्कूल, अस्पताल, आईएसबीटी, सीवरेज, पेयजल, पार्क, स्टेडियम और पर्यटन विकास समेत 14 प्रमुख प्रस्ताव शामिल हैं।
विज्ञापन
बिहारशरीफ मास्टर प्लान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वर्ष 2047 तक बिहारशरीफ की तस्वीर बदलने की तैयारी है। शहर को सुनियोजित, आधुनिक और सुविधाओं से लैस बनाने के लिए तैयार किए जा रहे जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की कार्यान्वयन रणनीति सामने आ गई है। इसके तहत सड़क, परिवहन, उद्योग, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण और पर्यटन से जुड़े 14 प्रमुख विकास प्रस्तावों को जमीन पर उतारने का रोडमैप तैयार किया गया है।

विज्ञापन

खास बात यह है कि इन योजनाओं को केवल प्रस्ताव तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इनके लिए जमीन की व्यवस्था, जिम्मेदार विभाग, राज्य और केंद्र सरकार से मिलने वाली फंडिंग तथा निर्माण के मॉडल भी तय किए गए हैं। योजनाओं को ईपीसी, पीपीपी, बीओटी और एचएएम जैसे मॉडल के जरिए पूरा करने की रणनीति बनाई गई है। इससे आने वाले वर्षों में बिहारशरीफ में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की तैयारी है।

रिंग रोड, बाईपास और रिवरफ्रंट से बदलेगा शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर

मास्टर प्लान में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत रिंग रोड, बाईपास और प्रमुख सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, लैंड पूलिंग और सरकारी जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा।
पथ निर्माण विभाग, विकास प्राधिकार और नगर निगम को इनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी जाएगी। निर्माण के लिए ईपीसी, बीओटी, एचएएम और पीपीपी मॉडल अपनाए जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि से भी सहयोग लेने की योजना है।

विज्ञापन

दूसरी ओर, शहर के नदी किनारे के क्षेत्रों को विकसित करने के लिए रिवरफ्रंट डेवलपमेंट का प्रस्ताव है। इसके लिए अतिक्रमण हटाने के साथ सिंचाई विभाग और सरकारी जमीन का उपयोग किया जाएगा। परियोजना के लिए विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और पर्यटन सहायता योजनाओं से फंड जुटाने की रणनीति बनाई गई है।

उद्योगों को मिलेगा विस्तार, नए औद्योगिक क्षेत्र होंगे विकसित

बिहारशरीफ में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्र और औद्योगिक एस्टेट विकसित किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) और उद्योग विभाग को सौंपी गई है।
इन परियोजनाओं को निजी निवेश, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से गति देने की तैयारी है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य है।

आवास, स्कूल और अस्पतालों की सुविधाओं का होगा विस्तार

बढ़ती शहरी आबादी की जरूरतों को देखते हुए किफायती आवास योजनाओं को भी मास्टर प्लान में जगह दी गई है। इसके लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड और नगर निगम मिलकर काम करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना और निजी डेवलपर्स की भागीदारी से आवासीय परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।
शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए आरक्षित संस्थागत भूमि का उपयोग किया जाएगा। निर्माण में समग्र शिक्षा अभियान और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड की मदद लेने की योजना है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नए अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राज्य स्वास्थ्य बजट और निजी अस्पतालों की भागीदारी का रास्ता अपनाया जाएगा। इन परियोजनाओं का निर्माण पीपीपी और ईपीसी मॉडल पर प्रस्तावित है।

बस टर्मिनल और आईएसबीटी से सुधरेगी यातायात व्यवस्था

शहर में सार्वजनिक परिवहन को व्यवस्थित करने के लिए नए बस टर्मिनल और इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाने की योजना है। इनके निर्माण की जिम्मेदारी परिवहन विभाग और नगर निगम को दी गई है। परियोजनाओं को पीपीपी और बीओटी मॉडल के जरिए पूरा करने का प्रस्ताव है।
इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर में यातायात के दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सीवरेज, पेयजल और कचरा प्रबंधन पर भी फोकस

मास्टर प्लान में शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सीवरेज नेटवर्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), पेयजल आपूर्ति और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण का प्रस्ताव है।
इन योजनाओं को बुडको, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) और नगर निगम के माध्यम से लागू किया जाएगा। इनके लिए अमृत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से फंडिंग की व्यवस्था की जाएगी। निर्माण में ईपीसी मॉडल अपनाने की तैयारी है।
वहीं, ठोस कचरा प्रबंधन के लिए स्वच्छ भारत मिशन और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं में निवेश करने वाले निजी निवेशकों की मदद ली जाएगी। इसके लिए पीपीपी और डीबीओटी मॉडल प्रस्तावित हैं।

पार्क, अर्बन फॉरेस्ट और पर्यटन स्थलों का होगा विकास

शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सिटी पार्क, अर्बन फॉरेस्ट, बायोडायवर्सिटी पार्क और ग्रीन बफर जोन विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में वन विभाग और नगर निगम की भूमिका होगी। साथ ही कैंपा और नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत भी सहयोग लेने की योजना है।
खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए खेल विभाग की ओर से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा बिहारशरीफ की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना है। पर्यटन विभाग केंद्र सरकार की प्रसाद और स्वदेश दर्शन योजनाओं के साथ पीपीपी मॉडल के माध्यम से पर्यटन स्थलों के विकास पर काम करेगा।
इस तरह जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के जरिए बिहारशरीफ को वर्ष 2047 तक बेहतर सड़क, आधुनिक परिवहन, मजबूत औद्योगिक आधार, स्वास्थ्य-शिक्षा सुविधाओं और विकसित हरित क्षेत्रों वाला शहर बनाने की रूपरेखा तैयार की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें