बिहार शरीफ में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की शुक्रवार को मौत हो गई। मामला बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत खंदकपर तिराहा के समीप की है। मृतक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के उतरनामा गांव निवासी स्वर्गीय लक्ष्मी पासवान के (60) वर्षीय पुत्र पारस पासवान के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन से टेंपो पर सवार होकर रहुई जाने के लिए पारस पासवान निकले थे। तभी बिहार थाना क्षेत्र के खंदकपर तिराहा के समीप टेंपो और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। इसमें पारस पासवन गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ई-रिक्शा पर सवार एक अन्य व्यक्ति भी इस घटना में घायल हो गया।
दरअसल, पारस पासवान अपने बेटे जो दिल्ली में रहता है। उससे मिलकर लौट रहे थे। बख्तियारपुर से बुद्ध पूर्णिमा ट्रेन पकड़कर बिहार शरीफ रेलवे स्टेशन उतरे थे। जहां से अपने घर जाने के लिए ऑटो पर सवार होकर निकले थे, तभी बीच रास्ते यह हादसा हो गया। वहीं, इस मामलें में ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुशील कुमार राहुल ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। दोनों वाहन को जब्त कर लिया गया है।