सार
बक्सर में ब्रह्मपुर की RDO अल्पिता सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। उन पर अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने और जनगणना कार्य से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया गया है।
धरने पर बैठने वाली अल्पिता सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बक्सर के ब्रह्मपुर प्रखंड की ग्रामीण विकास पदाधिकारी (RDO) अल्पिता सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। आठ महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में हाथ में कटोरा लेकर प्रखंड कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने वाली अल्पिता सिंह के खिलाफ अब जिला प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। उनके विरुद्ध आरोप पत्र गठित कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से 8 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अल्पिता सिंह पर वरीय पदाधिकारियों के आदेशों की लगातार अवहेलना करने, बिना पूर्व सूचना कार्यालय से अनुपस्थित रहने और निर्धारित व्यवस्था के तहत बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं करने का आरोप है। इसके अलावा जनगणना जैसे महत्वपूर्ण और समयबद्ध राष्ट्रीय कार्य में भी उनके अनुपस्थित रहने की बात सामने आई है।
प्राप्त प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों की समीक्षा के बाद जिला प्रशासन ने इन मामलों को सरकारी कार्यसंस्कृति, कार्यालयीय अनुशासन और सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना है। इसी आधार पर उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया है, ताकि विभागीय स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
आठ महीने का वेतन नहीं मिलने पर कटोरा लेकर किया था प्रदर्शन
गौरतलब है कि कुछ समय पहले अल्पिता सिंह ने आठ महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय के बाहर हाथ में कटोरा लेकर धरना दिया था। उनका यह विरोध प्रदर्शन काफी चर्चा में रहा था। एक सरकारी पदाधिकारी का कटोरा लेकर धरने पर बैठना जिले में चर्चा का विषय बन गया था। अब उसी पदाधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का आदेश जारी होने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।
जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे वरीय अधिकारियों के आदेशों का पालन करें, नियमित रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें और कार्यालय अवधि में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही, कर्तव्यहीनता और आदेशों की अवहेलना के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।