पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड के भीतर सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुला मोर्चा खोलते हुए बुधवार को नालंदा में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में भव्य ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ निकाली।
रोड शो के दौरान अनंत सिंह का चिर-परिचित अंदाज नजर आया। खुली जीप में काउबॉय हैट पहने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्होंने जदयू प्रत्याशी पर तीखा जुबानी हमला बोला। बिहारशरीफ के मगड़ा में जनसंपर्क के दौरान उन्होंने कहा कि जनता भगवान है, और इस बार स्नातक मतदाता नीरज की गैस निकाल देंगे। इस दौरान चुनावी काफिले में उनके साथ प्रसिद्ध भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी मौजूद रहे, वहीं समर्थक ‘छोटे सरकार जिंदाबाद’ और ‘शेर आया’ के नारे लगाते दिखे।
पटना से नालंदा तक धुआंधार प्रचार
तय कार्यक्रम के तहत अनंत सिंह का काफिला सुबह पटना स्थित आवास से निकला और नालंदा के विभिन्न ग्रामीण व शहरी इलाकों से होते हुए मगड़ा पहुंचा। इससे पहले भी वह फतुहा से बख्तियारपुर तक बड़ा रोड शो कर अनुज सिंह के पक्ष में माहौल बना चुके हैं। नामांकन से पूर्व ही उन्होंने जन सुराज उम्मीदवार को माला पहनाकर समर्थन का ऐलान कर दिया था।
पढे़ं: परिवार के सात बच्चे चले गए, अब क्या मांगें?: नाव हादसे में अपनों को खोने वाले पिता का छलका दर्द, बिलखते रहे
ललन सिंह की सुलह की कोशिशें बेअसर
गौरतलब है कि अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच तल्खी पाटने का जिम्मा केंद्रीय मंत्री व मुंगेर सांसद ललन सिंह को सौंपा गया था। बीते 5 अक्टूबर को ललन सिंह ने दावा किया था कि अनंत सिंह सार्वजनिक बयानबाजी से परहेज करेंगे, भले ही वे जदयू प्रत्याशी के लिए वोट न मांगें। हालांकि, नालंदा में अनंत सिंह की सक्रियता और आक्रामक तेवरों ने साबित कर दिया है कि सुलह की तमाम कोशिशें बेअसर साबित हुई हैं।
नीरज के स्टार प्रचारकों से ललन सिंह का नाम नदारद
इधर, चौथी बार चुनावी अखाड़े में उतरे जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में पार्टी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है। उनके प्रचार अभियान में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं। हालांकि, प्रचारकों की इस सूची से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का नाम गायब होने पर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं।
ललन सिंह के नाम के अभाव पर सफाई देते हुए नीरज कुमार ने कहा कि यह सूची जदयू कार्यालय द्वारा बनाई गई है, इसमें उनकी निजी भूमिका नहीं है। उन्होंने क्षेत्रीय समीकरणों पर कहा कि इलाके में स्थानीय विधायक भी मतदाताओं के बीच सक्रिय हैं। सत्ताधारी दल के एक विधायक द्वारा खुले तौर पर जन सुराज उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने और आधिकारिक प्रत्याशी की हार का आह्वान करने से जदयू नेतृत्व असहज स्थिति में आ गया है, जिससे पटना स्नातक क्षेत्र की लड़ाई अब बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गई है।