पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन समेत 11 लोग डूबने लगे। हादसे में चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। वहीं, छह लोगों की तलाश अभी जारी है। अलग-अलग घटनाओं के बाद स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है।
बाढ़ में मूर्ति विसर्जन के बाद स्नान करने लगे युवक, दो डूबे
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने इनमें से एक युवक को बचा लिया, जबकि दो युवक नदी में डूब गए। डूबे युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10), पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15), पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है। पीयूष की मां पूजा देवी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा था। उसके पिता भी पीछे से गंगा घाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीयूष का एक दोस्त भी मूर्ति विसर्जन के लिए वहां पहुंचा।
अथमलगोला में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान भाई-बहन डूबे
वहीं, अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान भाई-बहन गंगा में डूब गए। दोनों की तलाश की जा रही है। अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है। दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
बख्तियारपुर में छह युवक डूबने लगे, तीन को बचाया
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास गंगा नदी में भी करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। यहां मूर्ति विसर्जन के लिए गए छह युवक गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने इनमें से तीन युवकों को बचा लिया, जबकि तीन युवक नदी में डूब गए। बाद में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो युवकों की तलाश जारी है।
मृतक युवक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। वह रामेश्वर मोची का पुत्र था। वहीं, डूबे दो युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलवीर कुमार अपने माता-पिता का एक ही बेटा था।