घायलों को अस्पताल ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार की सुबह जहानाबाद से पटना गंगा स्नान करने आ रहे एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क के किनारे एक गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में दो महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान हो गई। घटना में आधा दर्जन के आसपास महिला, पुरुष बच्चे घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परसा बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। परसा बाजार थाने की पुलिस ने इसकी सूचना बाईपास जीरो माइल ट्रैफिक थाने को दी। सूचना पाकर ट्रैफिक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने सभी को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया है। जबकि मृतक महिला को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की पुष्टि करते हुए परसा थाना के प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि दो महिला की मौत मौके पर हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान हो गई है। उन्होंने बताया कि ऑटो में लगभग एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे। सभी जहानाबाद काको से पटना गंगा स्नान के लिए आ रहे थे। इसी क्रम में गया डोभी रोड पर सिमरी फोर लेन के पास तेज रफ्तार से आ रही एक ट्रक ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क के नजदीक एक गड्ढे में पलट गई। गड्ढे में पानी भरी थी। उन्होंने बताया कि ट्रक वाले मौके से फरार हो गए। पूरे मामले की पुलिस गहराई से जांच कर रही है। सभी घायलों का इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है।