कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के दौरान पटना जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर डूबने की घटनाएं हुईं, जिनमें दो लोग लापता हो गए। घटनाओं के बाद गंगा घाटों पर अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
सबलपुर गंगा घाट पर किशोर लापता
पहली घटना फतुहा के नदी थानाक्षेत्र स्थित सबलपुर गंगा घाट की है। जहां गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोर राजेश कुमार गहरे पानी में चला गया। बताया जा रहा है कि राजेश अपने ननिहाल में छुट्टियां मनाने आया था और गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलने से वह हादसे का शिकार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची नदी थाना पुलिस और SDRF की टीम राजेश की तलाश में जुटी है। राजेश के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
खुसरूपुर गंगा घाट पर युवती डूबी
दूसरी घटना खुसरूपुर के बैकटपुर गंगा घाट की है। जहां 19 वर्षीय युवती बिजली कुमारी गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गई। बिजली कुमारी गुलाबबाग निवासी नागमणि राम की बेटी थी और मुंडन संस्कार के लिए अपने बुआ के घर आई हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, गंगा स्नान के दौरान युवती का पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही खुसरूपुर थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और SDRF की मदद से युवती की तलाश शुरू की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक दोनों घटनाओं में लापता लोगों का पता नहीं चल पाया है।
घटना पर प्रशासन का बयान
फतुहा और खुसरूपुर थाना पुलिस के अनुसार, गंगा स्नान के दौरान सावधानी न बरतने से ये हादसे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से बचें और घाटों पर सतर्क रहें।
वहीं, इन घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। राजेश के नाना-नानी और बिजली कुमारी के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी गंगा घाटों पर हादसों को लेकर चिंतित हैं।
दोनों घटनाओं में SDRF और गोताखोरों की टीम गंगा में तलाशी अभियान चला रही है। प्रशासन ने कहा है कि हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि लापता लोगों का पता लगाया जा सके।