सुदिव्य कुमार पहुंचे राजगीर जू सफारी
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले के मंत्री सुदिव्य कुमार ने बिहार के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजगीर स्थित जू सफारी और नेचर सफारी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जू सफारी में उपलब्ध संरचनात्मक व्यवस्थाओं और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री कुमार ने अपने दौरे के दौरान वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजगीर जू सफारी एवं नेचर सफारी जैसे स्थल बच्चों और युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के साधन भी प्रदान करती हैं।
जू सफारी और नेचर सफारी की सराहना
कुमार ने जू सफारी और नेचर सफारी में जंगली जीव-जंतुओं के लिए प्राकृतिक वातावरण और पर्यटकों के लिए सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां सालाना लाखों पर्यटक आते हैं। कुमार के दौरे के दौरान राम सुन्दर एम, निदेशक, राजगीर जू सफारी एवं राजकुमार एम, वन प्रमंडल पदाधिकारी, नालन्दा वन प्रमंडल, बिहारशरीफ सहित अन्य वन अधिकारी भी उपस्थित थे। कुमार के दौरे के उपरान्त निदेशक, राजगीर जू सफारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, नालन्दा वन प्रमंडल, बिहारशरीफ के द्वारा पर्यटन, कला, संस्कृति,खेल और युवा मंत्री को राजगीर जू सफारी के प्रतिक चिंह (मोमेन्टो) देकर उनका धन्यवाद किया।