पटना में नीट छात्रा मर्डर केस और दरभंगा में मासूम बच्ची के साथ हैवानियत के बाद फुलवारीशरीफ़ में चौथी मंजिल से छात्रा की मौत के बाद सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को विधानसभा में राजद और वामदल के विधायकों ने फुलवारी की छात्रा की मौत मामले को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला। पटना में एम्स गोलंबर पर वामदल के नेतृत्व में इस घटना को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। गुस्साए लोग एम्स गोलंबर पर बैठकर सरकार का विरोध करने लगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र-युवा, महिला कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। इस कारण करीब साढ़े तीन घंटे तक चले सड़क जाम के कारण एम्स गोलंबर से होकर गुजरने वाला यातायात पूरी तरह बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
Bihar : कोचिंग के चौथे फ्लोर से गिरकर छात्रा की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
आरोप- दरिंदगी के बाद हत्या
माले के फुलवारी से पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने कहा है कि फुलवारी में चौथी मंजिल से गिरकर एक छात्रा की मौत की घटना दरअसल दरिंदगी के बाद हत्या का मामला है। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि छात्रा के साथ दरिंदगी कर सुनियोजित तरीके से हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को चौथी मंजिल से नीचे फेंका गया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से अब तक प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा है. इससे लोगों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गरीब, मजदूर और किसान परिवारों की बहू-बेटियां असुरक्षित हैं। सरकार एक ओर सुशासन का दावा करती है। वहीं दूसरी ओर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राज्य में अपराध में अंकुश नहीं लग पा रहा है। सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम फौरन इस्तीफा दे दें।
Bihar Vidhan Sabha: विधानसभा में सांख्यिकी कर्मियों के मामले पर घिरी नीतीश सरकार, भाजपा और माले ने क्या पूछा?
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
माले के प्रखंड सचिव गुरुदेव दास समेत सभी वामदल के नेताओं ने मांग की कि इस मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा और सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है। तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इधर, लोगों का आक्रोश देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक अनुसंधान किया जा रहा है। फिलहाल इस मामले चार लोगों से पूछताछ चल रही है। कुछ अन्य लोगों से पूछताछ चल रही है। मामले में आगे कार्रवाई चल रही है। जल्द ही सारा खुलासा कर दिया जाएगा।