सड़क हादसे में मजदूर ने गंवाई जान
- फोटो : Amar Ujala
भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की जान चली गई। आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर पीरो दलित टोला के समीप तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्टेट हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के नगर पंचायत इब्राहिमपुर वार्ड संख्या-25 निवासी अमावस साह के 40 वर्षीय पुत्र प्रेमचंद्र साह उर्फ पोतन के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रेमचंद्र साह चाय पीने के लिए पीरो बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीरो दलित टोला के समीप आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
परिवहन विभाग का फर्जी अफसर बनकर वसूल रहा था रंगदारी, ड्राइवरों ने रंगे हाथ दबोचा; जमकर की धुनाई
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पीरो थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर जल्द ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।