चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- फोटो : वीडियो ग्रैब
चुनाव आयोग ने बिहार विधान सभा चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इस दौरान बुर्का मतदाताओं के लिए भी स्पष्ट निर्देश जारी किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने घोषणा की कि आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान, बुर्का पहने महिला मतदाताओं की पहचान सत्यापित करने में सहायता के लिए राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तैनात किया जाएगा।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Elections After Chhath: छठ के तुरंत बाद क्यों नहीं रखी गई मतदान की तारीख? मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताई वजह
बिहार चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के लिए आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घूंघट और बुर्का पहने महिलाओं के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों के अंदर पहचान के सत्यापन के लिए चुनाव आयोग के पास स्पष्ट दिशानिर्देश हैं, जिनका सख्ती से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुर्का पहने महिलाओं की पहचान सत्यापित करने के लिए हमारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सभी मतदान केंद्रों पर तैनात किया जाएगा। इस संबंध में आयोग के दिशानिर्देश बहुत स्पष्ट हैं कि मतदान केंद्र के अंदर पहचान कैसे सत्यापित की जाती है और उनका सख्ती से पालन किया जाएगा।
दरअसल बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शनिवार को चुनाव आयोग से आग्रह किया था कि वह यह सुनिश्चित करे कि बुर्का पहनकर मतदान केंद्रों पर आने वाली महिलाओं के चेहरों का मिलान उनके मतदाता पहचान पत्र से किया जाए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में - 6 और 11 नवंबर को होंगे। मतों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी।