Bihar : चुनावी मौसम में आपत्तिजनक बयानों का सिलसिला आज का नया नहीं है। इस दौरान आज AIMIM के उम्मीदवार ने तेजस्वी यादव को न सिर्फ धमकी दी, बल्कि लालू यादव के चारा घोटाले के संदर्भ में भी गंदे शब्दों का प्रयोग किया। अब इस बयान की खूब चर्चा हो रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान नेताओं की जुबानें फिसलने लगी हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के उम्मीदवार ने बहादुरगंज में एक चुनावी सभा में राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव पर न सिर्फ टिप्पणी की, बल्कि स्पष्ट रूप से धमकी भी दी। तौसीफ आलम के इस बयान ने एक बड़ा राजनीतिक विवाद छेड़ दिया है।
तेजस्वी यादव को कहा- चारा चोर का बेटा
दरअसल सोमवार को लौचा-नया हाट में आयोजित रैली में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रत्याशी तौसीफ आलम ने महागठबंधन और तेजस्वी यादव के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक बयान दिया। एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के भाषण के बाद पार्टी के उम्मीदवार बने तौसीफ आलम ने धमकी भरे लहजे में कहा कि अगर कोई आँख दिखाएगा तो आँख निकाल देंगे। अगर कोई उंगली दिखाएगा तो उंगली काट देंगे। अगर जुबान संभालकर नहीं बोलेगा तो जुबान काट दी जाएगी। बात इतने पर ही नहीं रुकी, बल्कि जुबान लगातार फिसलती ही चली गई। तौसीफ आलम ने तेजस्वी यादव को उनके पिता लालू प्रसाद यादव के चारा घोटाले के संदर्भ में चारा चोर का बेटा भी कहा।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Election: योगी आदित्यनाथ बोले- महागठबंधन में 'पप्पू, अप्पू और टप्पू' नाम के तीन बंदर, इनके यह हैं काम
मैं तुम्हें मुख्यमंत्री बनने नहीं दूंगा
उसी मंच पर से असदुद्दीन ओवैसी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को वे (तेजस्वी) "घुसपैठिया" कहते हैं और उन्हें 'चरमपंथी'। उन्होंने लालू परिवार को घेरते हुए कहा कि कुछ लोग दाढ़ी-टोपी देखकर किसी को चरमपंथी करार दे देते हैं। उन्होंने कहा कि जो तुम्हारे सामने नहीं झुकता,जो तुम्हारे बाप के सामने नहीं झुकता तुम उसे चरमपंथी कहते हो। तुम मुख्यमंत्री बनना चाहते हो, लेकिन बनोगे नहीं। मैं तुम्हें मुख्यमंत्री बनने नहीं दूंगा। अब अगर मुख्यमंत्री बनेगा तो सीमांचल का बेटा मुस्लिम ही मुख्यमंत्री बनेगा, तुम नहीं बनोगे।