पटना में छिनतई हुई है। बदमाशों ने बिहटा थाना इलाके में बैंक से कैश निकालकर घर लौट रहे शख्स से 5 लाख रुपये की छिनतई कर ली और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना बिहटा थाने को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके को नाकेबंदी करके छानबीन शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस की कोशिश के बावजूद बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस घटनास्थल के आसपास की CCTV कैमरा को भी खंगालने में जुट गई है। पुलिस ने आशंका जताई है कि इस लूटकांड को पटना के कुख्यात कोड़ा गैंग के सदस्यों ने अंजाम दिया है।
₹5 लाख का बैग छीनकर वहां से फरार हो गए
पीड़ित की पहचान बिहटा थाना इलाके के मोदही गांव निवासी शत्रुघ्न राय के रूप में हुई। उसने बताया कि बिहटा के IDBI बैंक से पैसा निकाल कर शख्स अपने घर अम्हारा जा रहा था। वह अपने भाई की शादी के लिए कैश निकालकर जा रहा था। इसी क्रम में ऑफिस के नजदीक पीछे से आए बदमाश ₹5 लाख का बैग छीनकर वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना बिहटा थाने को दी। पीड़ित का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और बदमाशों की गिरफ्तारी करे। पुलिस से अपील है कि वह कैश की जल्द से जल्द बरामदगी करे।
झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गया
दानापुर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव घीमन ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अपराधियों द्वारा झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग लेकर भाग गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोड़ा गैंग का हाथ है। वही बिहटा प्रभारी प्रमोद कुमार से इस मामले में बात करने पर उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना की विस्तृत जानकारी पर उन्होंने कहा कि पुलिस अभी अपराधियों की धरपकड़ में जुटी है।