बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में लगे मतदानकर्मी रातभर अपने-अपने बूथ पर रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुन्दन कुमार जायजा लेते रहे। मतदान पदाधिकारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट जोड़ते समय पूरी सावधानी रखने को कहा। आज सुबह से बांकीपुर विधान सभा उप चुनाव में प्रतिनियुक्ति पर लगाए गए 16 जोनल दंडाधिकारी एवं 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी वाहन चेक पोस्ट, सीमा सील, नाकेबंदी, नदी गश्ती, अश्वरोही गश्ती तथा जिला के प्रमुख स्थलों पर ड्रॉप गेट के माध्यम से सघन जांच की देखरेख कर रहे हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि पटना में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का दायरा कहां से कहां तक है?
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का दायरा यहां समझें
पटना और वैशाली को गंगा नदी बांटती है। गंगा के इस पार जिधर पटना है, वहां पटना कॉलेज के पास से बांकीपुर सीट का क्षेत्र शुरू होता है। पटना कॉलेज घाट, पटना मेडिकल कॉलेज से बिहार उर्दू अकादमी और देवी स्थान का इलाका इसके अंदर आता है। इससे पश्चिम की ओर बढ़ेंगे तो मिश्री घाट, सिविल कोर्ट घाट, महेंद्रु घाट, बीएन कॉलेज घाट, अंटा घाट और इससे सटे पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, श्री राधा कृष्ण मंदिर, बांकीपुर पोस्ट ऑफिस, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल, सिविल कोर्ट, बीएन कॉलेज आदि अशोक राजपथ से सटे हिस्सों में आज मतदान हो रहा है। इस तरफ जहां तक गंगा है, वहां मैनपुरा तक का सारा क्षेत्र बांकीपुर के दायरे में आता है।
बोरिंग रोड, डाकबंगला, जंक्शन... सब बांकीपुर में
आनंदपुरी, श्री कृष्णा पुरी मैं पाटलिपुत्र स्कूल ऑफ़ मास कम्युनिकेशन, एन कॉलेज से लेकर सहदेव महतो मार्ग, डॉ जाकिर हुसैन इंस्टीट्यूट, ऑफीसर्स फ्लैट, पटना विमेंस कॉलेज, बिहार कर्मचारी बीमा निगम आदि का क्षेत्र भी बांकीपुर विधानसभा सीट के दायरे में है। कोतवाली से पश्चिम दीघा विधानसभा आ जाता है, जबकि कोतवाली चौक, मौर्य लोक कॉम्पलेक्स, न्यू डाक बांग्ला रोड, बुद्ध मार्ग, न्यू मार्केट, पटना जंक्शन, फ्रेजर रोड, बंदर बगीचा आदि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं।
कंकड़बाग का छोटा हिस्सा, कदमकुआं पूरा इसमें
रेलवे लाइन के एक तरफ मीठापुर, यारपुर, जक्कनपुर आदि का हिस्सा बांकीपुर में आता है। बिहार विधानसभा के सामने भिखारी ठाकुर पुल से यारपुर की तरफ उतरने पर गर्दनीबाग रोड नंबर 1 के पहले का हिस्सा बांकीपुर में और दूसरी तरफ का हिस्सा दीघा विधानसभा क्षेत्र में आता है। गर्दनीबाग में झुनझुन महल की तरफ केपीएस मेमोरियल हाई स्कूल, जीबी पब्लिक स्कूल, जक्कनपुर कॉलोनी, जयप्रकाश नगर से लेकर दशरथा, सिपारा होकर विग्रहापुर, नवरतनपुर, नंदलालपुर पोस्टल पार्क, चांदमारी तक बांकीपुर की सीमा है। इस तरह कंकड़बाग में चिरैयाटांड़ के आसपास का हिस्सा बांकीपुर क्षेत्र में है। कदमकुआं, लोहानीपुर पीरमुहानी, लालजी टोला, दरियापुर, बाकरगंज, सब्जीबाग, भंवर पोखर, सालिमपुर अहरा, गांधी मैदान, एग्जिबिशन रोड आदि बांकीपुर क्षेत्र में ही आते हैं।