फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार में दर्दनाक हादसा: मजदूरों से भरी पिकअप तीन बार पलटी, एक की मौत, 12 से 13 घायल

Thu, 22 Oct 2026 11:52 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना/बाढ़

सार

बिहार के बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर माधोपुर गांव के पास मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और तीन बार पलट गई। हादसे में मल्लिक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से 13 मजदूर घायल हो गए।
विज्ञापन
घायलों का इलाज करते डॉक्टर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के बाढ़ अनुमंडल में बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माधोपुर गांव के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और इसके बाद तीन बार पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से 13 मजदूर घायल हो गए। सभी मजदूर हाजीपुर में काम करने जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बख्तियारपुर में भर्ती कराया। इनमें से दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज बख्तियारपुर में चल रहा है।

हादसे में मल्लिक राय की मौत, मेकरा और कन्हाईपुर के रहने वाले हैं मजदूर

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान मल्लिक राय के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल मजदूर मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा और कन्हाईपुर गांव के रहने वाले हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायल मजदूरों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पिकअप में सवार थे 20 से 25 मजदूर, डाला में बैठे थे सभी

घायल मजदूर अजय कुमार, जो कन्हाईपुर गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि वे रेलवे में काम करने के लिए जा रहे थे। उनके साथ पिकअप में करीब 20 से 25 मजदूर सवार थे। सभी पिकअप के पीछे बने डाले में बैठे हुए थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और तीन बार पलट गया। अजय कुमार के मुताबिक, पिकअप का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था।

रेलवे में काम करने हाजीपुर जा रहे थे मजदूर

घायल गोलू कुमार, जो मेकरा गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि पिकअप में सवार सभी मजदूर एक ही इलाके के रहने वाले थे और रेलवे में काम करने के लिए जा रहे थे। उनके अनुसार, वाहन में करीब 20 मजदूर सवार थे। वहीं, घायल सतीश कुमार, जो कन्हाईपुर गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वे काम करने के लिए हाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के पास फोरलेन पर हादसा हो गया। घायलों में राहुल कुमार और गोलू कुमार मेकरा गांव के रहने वाले हैं, जबकि अजय कुमार और सतीश कुमार कन्हाईपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। अन्य घायलों की पहचान और उनके नामों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

थाना अध्यक्ष बोले- अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई पिकअप

बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सभी मजदूर एक ही पिकअप पर सवार होकर हाजीपुर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से 13 मजदूर घायल हुए हैं। घायलों का सीएचसी बख्तियारपुर में इलाज कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को पीएमसीएच रेफर किए जाने की जानकारी है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें