भोजपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरा हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई की टीम ने रविवार देर शाम आरोपी को उसके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने सीबीआई की टीम को देखते ही रिश्वत की रकम बाहर फेंक दी, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, उदवंतनगर प्रखंड के छोटी सासाराम स्थित उप डाकघर में पदस्थ ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर कराने के एवज में ओवरसियर द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान ग्रामीण डाक सेवक ने इसकी शिकायत सीबीआई से की। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच और शिकायत की सत्यता का सत्यापन कराया। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई गई।
रविवार को शिकायतकर्ता ग्रामीण डाक सेवक आरोपी ओवरसियर के सरकारी आवास पर पहुंचा और उसे 10 हजार रुपये दिए। जैसे ही रिश्वत की रकम देने की प्रक्रिया पूरी हुई, पहले से निगरानी कर रही सीबीआई की टीम ने मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी। सीबीआई टीम को अपनी ओर आते देख आरोपी घबरा गया और उसने रिश्वत की रकम बाहर फेंक दी। हालांकि, टीम के अधिकारियों ने उसे मौके से ही पकड़ लिया। इसके बाद सीबीआई अधिकारियों ने रिश्वत की रकम बरामद करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- बिहार में चुनाव है : नीतीश कुमार ने अनंत सिंह पर 'काबू' पा लिया? आज JDU के नीरज के नामांकन से पहले दांव
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में ही पुरुषोत्तम कुमार का प्रमोशन के बाद अरवल जिले में ट्रांसफर हुआ था। इसके बावजूद वह आरा में रहता था। सीबीआई ने आरा स्थित उसके सरकारी आवास पर ट्रैप की कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग से जुड़े लोगों में भी हड़कंप मच गया। मामले में सीबीआई की ओर से आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
घूस लेने के बाद गिरफ्तार कर ले जाती सीबीआई की टीम