आरा शहर के हवाई अड्डा मैदान में आयोजित पारण परेड
- फोटो : अमर उजाला
आरा शहर के हवाई अड्डा मैदान में आयोजित पारण परेड के साथ समस्तीपुर जिले के 297 प्रशिक्षु गृह रक्षकों ने औपचारिक रूप से गृह रक्षा वाहिनी संगठन में प्रवेश किया। इस अवसर पर होम गार्ड डीआईजी जयंत प्रताप सिंह ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं। पारण परेड के बाद सभी प्रशिक्षु अब पूरी तरह से गृह रक्षा वाहिनी का हिस्सा बन गए हैं।
विधि-व्यवस्था से आपदा प्रबंधन तक निभाएंगे भूमिका
डीआईजी जयंत प्रताप सिंह ने बताया कि अब ये गृह रक्षक विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, तकनीकी सेवाओं और अन्य विभागीय दायित्वों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गृह रक्षक प्रशासन और समाज के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण की अवधि बढ़ाकर 120 दिन की गई
डीआईजी ने जानकारी दी कि अब तक राज्य में करीब 7 हजार गृह रक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि शेष 15 हजार बहाल गृह रक्षकों का प्रशिक्षण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले गृह रक्षकों का प्रशिक्षण सीमित अवधि का होता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 120 दिनों का कर दिया गया है, जिससे जवानों को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी प्रशिक्षण मिल सके।
पढ़ें- Murder Case: पटना पुलिस ने किया दावा, बहुत जल्द करेंगे खुलासा; तीन थ्योरी पर चल रही जांच, बाकी है बस एक प्रमाण
सेना के सेवानिवृत्त अनुदेशक दे रहे प्रशिक्षण
प्रशिक्षण की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए सेना से सेवानिवृत्त अनुभवी अनुदेशकों की सेवाएं ली जा रही हैं। पूरे बिहार में कुल 61 रिटायर्ड सैन्य अनुदेशक विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर गृह रक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिससे अनुशासन और कार्यकुशलता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
परिवार के सहयोग को बताया जवानों की ताकत
डीआईजी जयंत प्रताप सिंह ने इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के परिवारजनों का भी आभार जताया, जो परेड के दौरान उपस्थित रहकर जवानों का उत्साह बढ़ा रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग ही जवानों की असली ताकत होता है। परेड के दौरान अनुशासन और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।