अगर बिहार सरकार की योजना पर अमल हुआ तो आने वाले दिनों में पटना सिटी में मोनो रेल अथवा मेट्रो ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। राज्य सरकार ने इसके लिए सर्वे का काम शुरू करा दिया है।
पटना में यातायात व्यवस्था बदहाल है। हर प्रमुख रास्ते पर जाम आम बात है। सरकार ने इस समस्या से निजात दिलाने की कोशिशें शुरू कर दी है।
इसके लिए सरकार ने शहर में मोनो रेल अथवा मेट्रो रेल की संभावनाएं तलाशने का फैसला किया है। नगर विकास मंत्री प्रेम कुमार का कहना है कि तत्काल प्रभाव से नौ करोड़ रुपये की व्यवस्था कर दी गई है।
इस पैसे से सर्वे कराया जाएगा। पटना शहर के लिए मोनो रेल मुफीद होगी या नहीं, यह सर्वे रिपोर्ट से ही तय हो पाएगा। मंत्री के मुताबिक पटना में मोनो या फिर मेट्रो रेल के लिए केंद्र सरकार ने भी सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
सर्वे के लिए टेंडर मांगे गए हैं। सरकार की कोशिश है कि राजधानी को जाम से मुक्ति दिलाई जाए। मंत्री ने बताया कि एक अंतरराज्यीय बस स्टैंड बनाने का भी निर्णय लिया गया है। सौ करोड़ से बनने वाले इस बस स्टैंड के लिए सरकार ने जमीन अधिग्रहण का काम पूरा कर लिया है।