दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल
- फोटो : अमर उजाला
Bihar: बिहार के दरभंगा के डीएमसीएच में इलाजरत मरीजों को मिलने वाला नाश्ता और खाना बंद हो सकता है। इसका कारण अस्पताल को खाना उपलब्ध कराने वाली संस्था का फरवरी 23 से डीएमसीएच प्रशासन ने भुगतान नहीं किया। खाना उपलब्ध कराने वाली संस्था कावेरी जीविका संकुल स्तरीय संघ का 1.50 करोड़ रुपये डीएमसीएच पर बकाया है।
संस्था ने पिछले दो दिनों से मरीजों को दूध मुहैया कराना बंद कर दिया। वहीं, सोमवार से संस्था ने मरीजों को बिस्कुट देना भी बंद कर दिया है। कावेरी जीविका संकुल स्तरीय संघ ने डीएमसीएच प्रशासन से कहा है कि अगर शीघ्र भुगतान नहीं हुआ मरीजों को खाना भी उपलब्ध कराना बंद कर देंगे।
दीदी की रसोई संस्था के अकाउंटेंट अमित कुमार ने बताया कि कावेरी जीविका सीएलएलएफ से ऋण लेकर डीएमसीएच में मरीजों के लिए भोजन और नाश्ता उपलब्ध करा रही है। एक तो पहले से संस्था का स्वास्थ्य विभाग पटना से एमओयू पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। जब एमओयू हो गया है तो अब डीएमसीएच प्रशासन की ओर से बिल पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं।
इस संबंध में डीएमसीएच के उपाधीक्षक डा. हरेंद्र कुमार ने बताया कि इस संस्था के भुगतान के मामले में हम लोगों के हाथ में कुछ भी नहीं है। बिल पर हस्ताक्षर के लिए विभाग से गाइड लाइन मांगी गई है। तब तक एक सप्ताह तक मरीजों को खाना उपलब्ध कराते रहने को कहा गया है। विभाग से आदेश मांगा गया है, मिलते ही हस्ताक्षर कर दिया जाएगा।