जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद की रेस में शामिल नहीं हैं।
शरद यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के शीर्ष पद को ‘‘कमतर’’ नहीं किया जाना चाहिए।
पटना में एक कार्यक्रम के दौरान जब शरद यादव से यह पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद की दौड़ में हैं तो यादव का जवाब था ‘‘कौन ऐसा कहता है, यह सब बकवास है।’’
शरद यादव अपनी लोकसभा सीट मधेपुरा जा रहे थे। इस दौरान बातचीत में उन्होंने कहा ‘‘लोकसभा में 540 से अधिक सीटें हैं। आप क्यों शीर्ष पद को कमतर कर रहे हैं। जेडीयू एक छोटी पार्टी है और इस पद पर दावा करने के लिए बड़ी संख्या में सीटें नहीं जीत सकती।’’
उनसे पूछा गया कि जेडीयू के कई नेताओं की राय में नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के योग्य हैं। इस पर यादव ने कहा ‘‘इस बात का कोई मतलब नहीं है।’’
इस मौके पर यादव ने कहा कि ‘‘देश के प्रधानमंत्री के शीर्ष पद की गरिमा कम मत कीजिये।’’
कुछ चुनाव संबंधी सर्वेक्षणों में संकेत दिया गया था कि अगर संप्रग और राजग को अपेक्षित सीटें न मिलने पर ‘‘तीसरा मोर्चा’’ संभावना बनता है तो नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं।
हाल ही में बिहार के वरिष्ठ मंत्री बिशन पटेल ने कहा था कि प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार सबसे बढ़िया उम्मीदवार हैं।