बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जहां भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को महागठबंधन में शामिल होने का ऑफर दिया, वहीं बिहारी बाबू ने भरोसा दिया कि वह हमेशा सच के साथ रहे हैं और रहेंगे।
रविवार को पटना में आयोजित जातीय सम्मेलन में लालू के साथ मंच साझा करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उनका लालू के साथ केवल मित्रवत नहीं, बल्कि पारिवारिक संबंध भी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अगर लालू प्रसाद के साथ बिहारी बाबू भी महागठबंधन में शामिल हो जाते तो खुशी होती। नीतीश से देर रात हुई मुलाकात के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा है कि शत्रुघ्न पाला बदल सकते हैं, लेकिन पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने विरोधियों को दुश्मन नहीं मानता हूं।
नीतीश से उनके पुराने व्यक्तिगत संबंध हैं, इसलिए मिलने गया था। नीतीश की तारीफ करने के सवाल पर सिन्हा ने कहा कि अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री की मैं तारीफ नहीं करूंगा, तो क्या दूसरे प्रदेश के सीएम की तारीफ करूंगा।