बिहार में बाढ़ की वजह से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। राज्य के सीतामढ़ी जिले में एनडीआरएफ की टीम ने एक बड़े ऑपरेशन के जरिए 15 लोगों को मौत के मुंह से निकाल लिया।
एनडीआरएफ की टीम का ये सर्च और राहत बचाव कार्य तीन घंटे चला। टीम को गुरुवार शाम 6:07 पर एक मैसेज मिला कि रेस्क्यू ऑपरेशन के खत्म होने के बाद गांव बेहरा के नजदीक एक नाव लौटते वक्त पलट गई है। टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पढ़ें: बिहार: बाढ़ से हालात बदतर, महिला ने नाव में दिया बच्चे को जन्म
नाव में मौजूद लोग लखनदेई नदी के तेज बहाव की वजह से इधर-उधर बहने लगे। टीम ने इस ऑपरेशन के जरिए 4 महिलाओं, 6 पुरुषों और 5 बच्चों को 3 घंटे तक इस ऑपरेशन के जरिए बचा लिया।
एनडीआरएफ की नौंवी बटालियन के विजय सिन्हां के मुताबिक टीम ने 14 लोगों को नाव पलटने के बाद बाढ़ से बचाया वहीं एक अन्य व्यक्ति को भी सर्च ऑपरेशन के दौरान बचा लिया गया।
उन्होंने आगे कहा कि टीम ने शाम 9.20 तक ऑपरेशन तब तक जारी रखा जब तक ये कंफर्म नहीं हो गया कि बढ़ा में फंसे सभी 15 लोगों को बचा लिया गया है। लगभग 120 लोग अब तक राज्य में बाढ़ की वजह अपनी जान गंवा चुके हैं। बाढ़ की वजह से 38 जिलों के 72 लाख लोग प्रभावित हैं।