पुलिसकर्मी ने आवेदन लिखने के नाम पर मांगे पैसे
- फोटो : Amar Ujala
पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सादे लिबास में बैठा एक व्यक्ति आवेदन लिखने के एवज में पैसे लेते हुए दिखाई दे रहा है।
फरियादी से आवेदन लिखने के नाम पर मांगे पैसे
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के संबंध में दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शिकारपुर थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मी उमेश कुमार है। बताया जा रहा है कि थाना पहुंचे एक फरियादी से आवेदन लिखने के नाम पर पैसे लिए जा रहे थे। वायरल वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मी यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि 'कागज और कलम क्या मुफ्त में आते हैं?' इसी कथित बयान को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वीडियो पर खडे़ हो रहे गंभीर सवाल
यदि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे सही पाए जाते हैं, तो यह पुलिस व्यवस्था और आम जनता के भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े करता है। थाना वह स्थान होता है, जहां लोग अपनी समस्याओं के समाधान और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में आवेदन लिखने के नाम पर पैसे लेने के आरोप पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। अभी तक इस मामले में पश्चिम चंपारण पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें-
दोस्ती, प्यार और फिर खौफनाक अंत! खुदनेश्वर धाम में जिसकी मांग भरी, क्या वही बन गई मौत की वजह?
पुलिस विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही हैं और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी।