वैशाली जिले के हाजीपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फ्लिपकार्ट में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर पटना से एक युवक को बुलाया गया और उसे तीन दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखा गया।
बंधक बनाकर की गई मारपीट और लूट
पीड़ित युवक राहुल कुमार, जो पटना जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है, ने बताया कि उसे बुलाने के बाद आरोपियों ने पहले उससे 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद उसे नगर थाना क्षेत्र के तंगौल मोहल्ला स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और पांच लाख रुपये की मांग की गई।
दोस्ती से शुरू हुई कहानी, अपराध में बदली
राहुल के अनुसार, उसकी दोस्ती नितेश और हैप्पी से नालंदा जिले के हिलसा स्थित एक कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। कुछ महीने पहले तीनों ने कंपनी छोड़ दी थी। 23 जनवरी को दोनों आरोपियों ने राहुल को फोन कर फ्लिपकार्ट में नौकरी लगने की बात कही और 25 हजार रुपये की मांग की, जिसके बाद राहुल सोनपुर स्थित एक होटल पहुंचा।
तीन दिन बाद किसी तरह बचकर पहुंचा थाना
आरोप है कि दो दिनों तक राहुल को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। शनिवार की दोपहर वह किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर नगर थाना पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने घायल युवक को सदर अस्पताल भेजकर उसका इलाज कराया।
पढ़ें- Bihar Crime: जमीन विवाद को लेकर बैठी पंचायत में गोलीबारी, दो लोगों की मौके पर मौत; तनाव के बीच छावनी बना गांव
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस ने तंगौल मोहल्ला स्थित मकान पर छापामारी की, लेकिन दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। राहुल कुमार की शिकायत पर सोनपुर थाना क्षेत्र निवासी दोनों युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि नौकरी के नाम पर युवक को बुलाकर बंधक बनाया गया और उससे मारपीट कर पांच लाख रुपये की मांग की गई। पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।