मुजफ्फरपुर में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीद अकलू तुरहा की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि दी गई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित कई मंत्री और गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
देश की स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद बलिदानी अकलू तुरहा को आज मुजफ्फरपुर शहर के आम गोला रोड स्थित एक निजी कार्यक्रम स्थल पर याद किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित कई मंत्री और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया और शहीद अकलू तुरहा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
शहीद अकलू तुरहा ने महज 18 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और 14 अगस्त 1942 को मधुबनी में ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए शहादत प्राप्त की। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और कहा कि ऐसे महान शहीदों के बलिदान की बदौलत आज भारत स्वतंत्र है और हम आजाद देश में सांस ले रहे हैं।
इस मौके पर भाजपा अति पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध कुमार तुरहा ने कहा कि हमारा समाज आज भी पिछड़ा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने हमें आगे बढ़ने का संकल्प दिया है। उन्होंने कहा कि हम अपने पूर्वजों के बलिदान को याद रखते हुए उनके हक के लिए हमेशा सरकार के साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में तुरहा समाज के लोग शामिल हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा सहित कई नेताओं ने भी शहीद अकलू तुरहा को श्रद्धांजलि अर्पित की।