West Champaran News : बेतिया के नकछेद बहुअरवा गांव में नौखनिया नदी रेल पुल पर रक्सौल-नरकटियागंज जा रही सवारी ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय होनहार युवक सनोज कुमार कुशवाहा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरा गांव शोक में डूब गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
चंपारण के बेतिया नौखनिया नदी रेल पुल पर रक्सौल-नरकटियागंज जा रही सवारी ट्रेन की चपेट में आने से मैनाटाड़ प्रखंड के नकछेद बहुअरवा गांव के युवक सनोज कुमार कुशवाहा (21 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते पूरा गांव मातम में डूब गया। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने रेल पटरी पर खून से लथपथ शव देखा और किसी ने दौड़कर गांव में सूचना दी। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गए। चारों तरफ सनोज की मौत की खबर से सन्नाटा और सिसकियों का माहौल बन गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। घर में कोहराम का आलम था। मां मीरा देवी बेटे का चेहरा देखते ही चीत्कार मारकर गिर पड़ीं। पिता बंगाली कुशवाहा बदहवासी में बार-बार बेहोश होते और होश में आते ही चिल्लाने लगते।