सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता और सकारात्मक प्रभाव के कारण अपनी अलग पहचान बनाने वाली रश्मि रानी को इस वर्ष का प्रतिष्ठित इंडियन आइकॉन अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान ज्ञान उदय फाउंडेशन द्वारा दिया गया, जो राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करता है। रश्मि रानी को बेस्ट इन्फ्लुएंसर श्रेणी में चुना गया और उन्हें प्रशस्ति-पत्र, ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया। संस्था के अनुसार, रश्मि सोशल मीडिया पर सार्थक संदेश, जागरूकता और प्रेरक कंटेंट के माध्यम से लगातार समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही हैं।
सम्मान ग्रहण करते हुए रश्मि रानी ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए सिर्फ उपलब्धि नहीं बल्कि आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि उनकी कोशिश हमेशा यही रही है कि वे अपने कंटेंट के जरिए लोगों को उपयोगी जानकारी दें और उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करें। रश्मि ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, सहयोगियों और समर्थकों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया एक बड़ा मंच बन चुका है, जिसका सही इस्तेमाल बड़ी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
ज्ञान उदय फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे समय में जब सोशल मीडिया पर केवल फेम पाने के लिए अनर्गल और बेकार कंटेंट की भरमार है, वहीं रश्मि रानी ने अपनी सादगी, साफ-सुथरी रील्स और प्रेरक संदेशों के जरिए लोगों के बीच एक मजबूत और सम्मानजनक पहचान बनाई है। संस्था का मानना है कि रश्मि जैसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो बिना किसी विवाद या नकारात्मकता के लाखों लोगों तक सकारात्मक ऊर्जा पहुंचा रहे हैं। उनके वीडियो और संदेश कई युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स ने भी रश्मि रानी को यह सम्मान मिलने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि रश्मि ने न केवल अपनी प्रतिभा का सशक्त प्रदर्शन किया है, बल्कि सीतामढ़ी का नाम भी गौरवान्वित किया है। लोग मानते हैं कि उनके जैसे युवा इन्फ्लुएंसर समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि रश्मि रानी आगे भी अपनी रचनात्मकता और प्रेरणादायक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास जारी रखेंगी।