फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: पुलिस वाहन से टक्कर के बाद शराब लूट, 3 पुलिसकर्मी निलंबित

Mon, 23 Nov 2026 07:40 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी

सार

सुप्पी थाना क्षेत्र में डायल-112 पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे एक बाइक सवार घायल हुआ। इस घटना के दौरान जांच में पुलिस वाहन से नेपाली शराब मिली। इससे लोग भड़क गए। बाद में पुलिस ने शराब लूटने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है। 
विज्ञापन
विवाद के समय की तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 सुप्पी थाना क्षेत्र में ससौला सरकारी अस्पताल के पास एक डायल-112 पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक बाइक सवार घायल हो गया, जिससे मौके पर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी घायल की मदद करने के बजाय फरार हो गए।

घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन के भीतर नेपाली शराब मिलने का मामला सामने आया। बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद पुलिस वाहन में शराब मिलने से लोगों का आक्रोश बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित भीड़ ने वाहन में रखी शराब लूट ली। हालांकि, शराब की सटीक मात्रा और उसके स्रोत की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस प्रशासन ने घटना पर अलग पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार, डायल-112 कर्मियों ने शराब जब्त की थी। वे एक शराब कारोबारी का पीछा कर रहे थे, तभी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस वाहन से शराब लूटने के आरोप में पांच से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

इस मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई। सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने सख्त कार्रवाई की है। शराब बरामदगी की सूचना समय पर नहीं देने के आरोप में दरोगा धनंजय कुमार को निलंबित किया गया। चालक रनेश कुमार चौधरी और होमगार्ड जवान शिवप्रसाद राय को भी निलंबित कर दिया गया है। यह निलंबन कार्यप्रणाली में लापरवाही के आरोप में हुआ है।

विस्तृत जांच के निर्देश

पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हर बिंदु पर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। जांच से यह स्पष्ट किया जाएगा कि सरकारी वाहन में शराब किस परिस्थिति में थी। साथ ही, इस लापरवाही के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है, यह भी पता लगाया जाएगा।

 

विज्ञापन

 पुलिस वाहन को घेरे खड़े हुए लोग

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें