सीतमाढ़ी जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। महज 24 घंटे के भीतर गोलीबारी की दूसरी बड़ी वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। महिंदवारा थाना क्षेत्र में किसान की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद अब नानपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे नानपुर प्रखंड की मोहनी पंचायत में बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने सीएसपी संचालक सुंदर कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सुंदर कुमार को दो गोलियां लगीं। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पढ़ें: कार की टक्कर से इकलौती बेटी की मौत, एनएच पार करने के दौरान हुआ हादसा; परिजन बेसुध
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल सीएसपी संचालक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत गई। सूचना मिलते ही नानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत के साथ-साथ पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी भारी नाराजगी है। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।