फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: 'देर हो रही है, शादी में जाना है', बहाना बनाकर भाग रहे थे तस्कर; एसटीएफ और पुलिस ने ऐसे खोला क्रेटा राज

Sat, 16 May 2026 06:19 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतामढ़ी

सार

सीतामढ़ी में पुलिस और एसटीएफ ने फूलों से सजी क्रेटा कार से 142 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर तस्कर पुलिस को चकमा देना चाहते थे। मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर पुलिस जांच में जुटी है।

विज्ञापन
सुरसंड थाना क्षेत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में शादी के सीजन की आड़ लेकर मादक पदार्थों की तस्करी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने फूलों से सजी एक लग्जरी क्रेटा कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गाड़ी को इस तरह सजाया था कि पहली नजर में वह किसी दूल्हे की शादी वाली कार लग रही थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
विज्ञापन


सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नेपाल के रास्ते बिहार में गांजे की बड़ी खेप पहुंचाने की फिराक में थे।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, बिहार एसटीएफ और सुरसंड थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा के रास्ते गांजे की एक बड़ी खेप भारतीय सीमा में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बॉर्डर इलाके में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
विज्ञापन


फूलों से सजा रखी थी क्रेटा कार
इसी दौरान पुलिस की नजर फूलों से सजी लाल रंग की एक क्रेटा कार पर पड़ी। कार को रोककर जब पूछताछ की गई, तो उसमें बैठे युवकों ने खुद को शादी समारोह में जाने की बात कही। उन्होंने पुलिस पर जल्दी जाने का दबाव भी बनाया और जांच से बचने की कोशिश की।

भागने की कोशिश हुई नाकाम
पुलिस को युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच के दौरान दोनों आरोपियों ने कार लेकर भागने की कोशिश भी की, लेकिन पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद जब कार की गहन तलाशी ली गई, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। कार के भीतर छिपाकर रखे गए 142 किलोग्राम से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले गांजे की खेप बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

ये भी पढ़ें-  Bihar : इस पुल पर चढ़ गए तो दूसरी साइड से गिरेंगे जरूर; 40 मीटर लंबा पुल बना भूली सरकार, अप्रोच पथ ही नहीं

दो सगे भाई निकले तस्कर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के मसहा गांव निवासी विकास महतो और अमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
विज्ञापन


शादी की आड़ में तस्करी का नया तरीका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शादी के मौसम में तस्करों द्वारा नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। फूलों से सजी कार का इस्तेमाल कर तस्कर सुरक्षा एजेंसियों को भ्रमित करना चाहते थे, ताकि वाहन की जांच न हो सके। हालांकि पुलिस की सतर्कता के कारण उनका यह प्लान नाकाम हो गया।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें