पुलिस हमला करने के बाद गिरफ्तार आरोपी
पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतौना गांव में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में मधुबन थाना की एक महिला अधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
गिरफ्तारी के लिए मौके पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार, यौन शोषण के मामले में आरोपी युवक अपने मामा के घर में छिपकर शादी करने की तैयारी कर रहा था। गुप्त सूचना मिलने पर मधुबन थाना की पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान वहां मौजूद करीब 20 से अधिक लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम पर हमला कर दिया और गिरफ्तारी में बाधा डालने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 22 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, पीएम मोदी से मिलेंगे; मंत्रिमंडल विस्तार पर होगी बात
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने रेड के दौरान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन नहीं करने के आरोप में अनुसंधानकर्ता नेहा वर्षा को निलंबित करने का निर्देश दिया है। एसपी ने बताया कि बिना पर्याप्त पुलिस बल, सुरक्षा उपकरण (हेलमेट और लाठी) के कार्रवाई करना और दूसरे थाना क्षेत्र में प्रवेश से पहले संबंधित थाना को सूचना नहीं देना, गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों की अनदेखी से पुलिस की छवि प्रभावित होती है और ऐसी लापरवाही पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।