पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर लोगों को झांसा देने और ठगी करने वाले एक शातिर युवक को पूर्वी चंपारण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर धौंस जमाता था और वर्दी की आड़ में अवैध वसूली तथा ठगी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था।
गुप्त सूचना के आधार पर सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने भटहां गांव में छापेमारी कर आरोपी नितेश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर आम लोगों को निशाना बना रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे हुए हैं।
घर से मिली पुलिस वर्दी और अन्य सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से दो स्टार लगी पुलिस वर्दी, बिहार पुलिस की नीली टोपी, लाल बेल्ट, टॉर्च और एक ड्रैगन चाकू बरामद किया। बरामद सामान के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन वस्तुओं का इस्तेमाल किन-किन घटनाओं में किया गया।
पूछताछ में कई नामों का खुलासा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपने कई सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह का नेटवर्क जिले के अन्य क्षेत्रों तक भी फैला हो सकता है।
ये भी पढ़ें-
Bihar: मंत्री विजय कुमार सिन्हा का सख्त निर्देश, सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराएं; दोषियों पर दर्ज हो FIR
एसपी बोले- गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
जिला पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी के पास से नकली पुलिस वर्दी और अन्य सामान बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था, कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कई और खुलासों की संभावना
पुलिस का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में सक्रिय फर्जी पुलिस गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।