फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार न्यूज: पवन सिंह ने अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से मांगी माफी, बोले- फिर साथ बने जोड़ी

Mon, 19 Oct 2026 02:49 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंगेर

सार

भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने मुंगेर के कल्याणपुर स्थित बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में आयोजित ‘सुपरस्टार नाइट्स’ कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने दर्शकों से यह भी पूछा कि कौन उनकी और अक्षरा की जोड़ी को फिर से साथ देखना चाहता है।
विज्ञापन
पवन सिंह ने अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से मांगी माफी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंगेर में भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने दुर्गा पूजा महोत्सव के मंच से अभिनेत्री अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। कल्याणपुर स्थित सिद्धपीठ श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में आयोजित ‘सुपरस्टार नाइट्स’ कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने पुरानी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनकी किसी गलती से किसी को ठेस पहुंची है, तो वे हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां मौजूद दर्शकों से यह भी पूछा कि कौन-कौन चाहता है कि उनकी और अक्षरा सिंह की जोड़ी फिर से साथ नजर आए। इस पर दर्शकों ने तालियां बजाकर और हाथ उठाकर अपनी सहमति जताई।

मंच से मांगी माफी, अक्षरा के साथ फिर जोड़ी बनाने की जताई इच्छा

दुर्गा पूजा महोत्सव के पहले दिन पवन सिंह ने माता रानी की पूजा-अर्चना के बाद मंच संभाला। उन्होंने भक्ति भजनों और पचरा गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान उन्होंने अक्षरा सिंह के चर्चित एल्बम ‘दुलार देवी मइया के’ के गीत ‘पवन सिंह के भजन बजाके’ पर नृत्य भी किया।

विज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को अपना ‘बाबू और बेटा’ कहकर संबोधित किया। वहीं, उन्होंने अक्षरा के पिता को ‘भइया’ और मां को ‘भाभी’ कहा। इसके बाद उन्होंने दर्शकों से पूछा कि कौन चाहता है कि उनकी और अक्षरा सिंह की जोड़ी एक बार फिर साथ दिखाई दे। दर्शकों की प्रतिक्रिया से कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

पवन सिंह ने कहा कि अगर उनसे कभी कोई गलती हुई हो, जिससे किसी को दुख पहुंचा हो, तो वे उसके लिए हाथ जोड़कर क्षमा मांगते हैं। उन्होंने अक्षरा सिंह के माता-पिता से भी माफी मांगी। उनके इस बयान को दोनों के बीच पुराने रिश्ते में आई कड़वाहट के संदर्भ में देखा जा रहा है। मंच से पवन सिंह ने भविष्य में अक्षरा के साथ फिर काम करने और मंच साझा करने की संभावना के संकेत भी दिए।

अक्षरा सिंह बोलीं- उस दौर में वापस नहीं जाना चाहतीं

दूसरी ओर, अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने निजी जीवन और शादी को लेकर प्रतिक्रिया दी। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के साथ एक प्रमोशनल गीत की शूटिंग के बाद उनसे विवाह को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर अक्षरा ने कहा कि देश में चल रहे मौजूदा माहौल को देखते हुए उन्हें शादी करना जोखिम भरा लग रहा है। अक्षरा सिंह ने वर्ष 2018 के दौर को भी याद किया, जब पवन सिंह ने ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी और अक्षरा उनसे अलग हो गई थीं। उन्होंने कहा कि वह उस दौर में वापस मुड़कर नहीं देखना चाहतीं, लेकिन उस कठिन समय ने उन्हें मजबूत बनाया।

विज्ञापन

अक्षरा ने गणेश आचार्य और अहमद सर के प्रोडक्शन हाउस के माध्यम से मिले अवसरों का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने पवन सिंह की प्रशंसा करते हुए उनके विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनने पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पवन सिंह और अक्षरा सिंह के रिश्ते में कैसे आई थी कड़वाहट?

पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले भी कई उतार-चढ़ाव से गुजर चुकी है। उन्होंने 1 दिसंबर 2014 को नीलम सिंह से पहली शादी की थी। हालांकि, शादी के करीब तीन महीने बाद 8 मार्च 2015 को नीलम ने मुंबई स्थित फ्लैट में आत्महत्या कर ली थी। पहली पत्नी के निधन के बाद पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों भोजपुरी मनोरंजन जगत की चर्चित जोड़ियों में शामिल हो गए थे। हालांकि, बाद में उनके रिश्ते में कड़वाहट आ गई। अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर दुर्व्यवहार, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद 6 मार्च 2018 को पवन सिंह ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मिड्ढी गांव की रहने वाली ज्योति सिंह से दूसरी शादी कर ली। वर्ष 2022 में ज्योति सिंह ने अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। उन्होंने पवन सिंह पर प्रताड़ना और जबरन गर्भपात कराने जैसे आरोप लगाए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें