मोतिहारी पुलिस के गिरफ्त में दोनों विदेश नागरिक
- फोटो : Amar Ujala
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता दिखाते हुए दो विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। दोनों पर बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के भारत में प्रवेश करने का प्रयास करने का आरोप है। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा विभिन्न एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र में नियमित जांच अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को दो विदेशी नागरिकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान जब उनसे यात्रा संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वे वैध वीजा और पासपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया।
दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार
गिरफ्तार विदेशी नागरिकों की पहचान आंग निक लैट और जुनिला बेक श्रेष्ठा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के भारत आने के उद्देश्य को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वे नेपाल के रास्ते भारत में क्यों प्रवेश करना चाहते थे और उनके संपर्क किन लोगों से थे। जांच एजेंसियों ने दोनों के मोबाइल फोन, यात्रा विवरण और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इस मामले के तार किसी संगठित नेटवर्क या अन्य संदिग्ध गतिविधियों से तो नहीं जुड़े हैं।
बॉर्डर पर बढ़ाई निगरानी
घटना के बाद रक्सौल बॉर्डर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
Bihar: बाल्टी में नवजात का शव लेकर पहुंचा शख्स, झाड़ियों में फेंककर हुआ फरार; कुत्ते ने खींचा तो खुली पोल
सीमा पार से अवैध प्रवेश की इस घटना ने एक बार फिर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की अहमियत को उजागर किया है। जांच पूरी होने के बाद दोनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ विदेशी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।