जल मीनार से लगातार बह रहा पानी
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी प्रखंड के अब्दुलनगर माधोपुर पंचायत में सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय’ योजना का हाल बुरा हो चला है। इस योजना के तहत बनाए गए जल मीनार से अनवरत पानी बहता रहा है, जिससे जल मीनार अब पानी के झरने का रूप ले चुका है। बीते कई दिनों से नल-जल योजना के तहत बनी पानी की टंकी से लगातार पानी का बहाव हो रहा है। लेकिन इस समस्या को लेकर न तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कोई कदम उठाया है और न ही पीएचईडी (जन स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) ने इसे गंभीरता से लिया है।
नल-जल योजना की अनदेखी
जानकारी के मुताबिक, मुसहरी प्रखंड के वार्ड-9 में स्थित जल मीनार, जो पंचायत के पैक्स अध्यक्ष के घर के पास स्थित है, वहां से लगातार स्वच्छ जल का अपव्यय हो रहा है। परिणामस्वरूप स्थानीय लोगों को उचित मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। नल-जल योजना के तहत हर घर को स्वच्छ पानी मुहैया कराने के उद्देश्य से बनाए गए इस मीनार से पानी की बर्बादी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। बावजूद इसके, पीएचईडी विभाग या स्थानीय प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मरम्मत के अभाव में जल मीनार सवालों के घेरे में
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि जल मीनार की मरम्मत नहीं कराई जा रही है, जबकि पानी का लगातार बहाव जल स्रोतों पर दबाव डाल रहा है। इस अति महत्वपूर्ण योजना के तहत बनाए गए इंफ्रास्ट्रक्चर की देखरेख नहीं होने से न सिर्फ स्वच्छ जल बर्बाद हो रहा है, बल्कि सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना भी सवालों के घेरे में है।
सात निश्चय योजना के लक्ष्यों पर असर
राज्य सरकार की सात निश्चय योजना का उद्देश्य हर घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। लेकिन इस प्रकार की समस्याओं से योजना का प्रभाव कमजोर हो रहा है। अगर जल्द ही जल मीनार की मरम्मत नहीं कराई गई तो जल संरक्षण के प्रयासों पर बड़ा असर पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि जल मीनार की मरम्मत जल्द से जल्द की जाए, ताकि जल बर्बादी रोकी जा सके और योजना का लाभ सही तरीके से सभी तक पहुंच सके।