पोखर में डूबकर जान गंवाने वाले बच्चे
- फोटो : फाइल फोटो
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थानाक्षेत्र में एक दर्दनाक घटना में दो मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान अयांश कुमार और आर्यन कुमार के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरे भाई थे। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार में कोहराम मच गया है।
दिवाली पर्व को लेकर चल रही थी साफ-सफाई
जानकारी के मुताबिक, यह घटना साहेबगंज थानाक्षेत्र के एक गांव की है। जहां दिवाली के पर्व को लेकर जितेंद्र महतो और जयेंद्र महतो के घर में सफाई और तैयारी का काम चल रहा था। इसी दौरान दोनों बच्चे अयांश और आर्यन खेलते-खेलते घर से थोड़ी दूर पर स्थित एक पोखर के पास चले गए। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों मासूम पोखर में गिर गए और डूबने लगे।
बच्चों को बचाने का प्रयास हुआ विफल
बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्चों के डूबने की खबर फैली, पास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बच्चों को बचाने का प्रयास किया। तत्काल ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों को पानी से बाहर निकाला। लेकिन दोनों बच्चों को बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
परिवार में मातम और चीख-पुकार
इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया है। दिवाली की तैयारियों के बीच अचानक आई इस त्रासदी ने परिवार और गांव वालों को गहरे शोक में डाल दिया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए जुटे हैं।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही साहेबगंज थाना के एसएचओ सिकंदर कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। एसएचओ सिकंदर कुमार ने बताया कि यह एक दुखद घटना है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।