दो मासूम बच्चों की डूबने से हुई मौत।
- फोटो : दो मासूम बच्चों की डूबने से हुई मौत।
मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें दो मासूम बच्चों की जल जमाव में डूबने से मौत हो गई। यह घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 46, आदर्श नगर कॉलोनी की है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को हुई बारिश के बाद जल जमाव में खेलते समय पतंग लूटने गए आदर्श नगर के दो बच्चे पानी में चले गए और डूब गए। मृतक बच्चों की पहचान आदर्श कुमार (9 वर्ष) निवासी रामबाग मोहल्ला और राजा कुमार (8 वर्ष) के रूप में हुई है।
अफरातफरी का माहौल
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद अफरातफरी मच गई। परिजनों और पड़ोसियों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के आने तक लगभग एक घंटे तक बच्चों को पानी से बाहर नहीं निकाला जा सका। अंततः स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- Live Bihar Election Update LIVE : एनडीए के सीट बंटवारे में उठापटक, मांझी-कुशवाहा से मिले भाजपा नेता, चिराग दूर-दूर
नगर निगम और पुलिस के खिलाफ विरोध
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा और उन्होंने नगर निगम और पुलिस के खिलाफ विरोध जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल निकासी सही ढंग से होती और बचाव दल समय पर पहुंचती, तो बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। पूरे मुहल्ले में घटना के बाद मातम छा गया है।
एएसपी का बयान
एएसपी टाउन सुरेश कुमार ने बताया कि दोनों बच्चे घर के पास जलजमाव वाली जगह में खेल रहे थे, तभी पानी में डूब गए। उनका इलाज निजी अस्पताल में किया गया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।