बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खून से सना शव मिलने से हड़कंप मच गया। इसे लेकर लूटपाट के बाद हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यह घटना जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के अति व्यस्त अहियापुर चौक के पास की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। घटनास्थल से एक बैग बरामद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर निवासी गोपाल कुमार झा के तौर पर हुई है। वह पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर में कार्यरत +2 शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर अहियापुर चौक के पास सड़क के किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। शरीर पर खून के धब्बे और पास में एक बैग भी मिला। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर एएसपी टाउन भानु प्रताप सिंह और अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। शव की शिनाख्त करने के लिए पुलिस ने वहां आसपास के लोगों से पूछताछ की।
घटना को लेकर बदमाशों द्वारा लूटपाट के लिए हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के पास से कपड़ों से भरा बैग भी बरामद किया गया है। ASP टाउन भानु प्रताप सिंह ने बताया अहियापुर थाने क्षेत्र के चौक पास में एक व्यक्ति का शव को बरामद किया गया है। प्रथम दृष्ट्या मामला हत्या का लग रहा है। आशंका है कि इनसे लूटपाट की गई होगी। मृतक की पहचान कर ली गई है। अभी फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।