मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बाइक से आए तीन बदमाश पेट्रोल पंप के कैशियर से ₹3.11 लाख रुपए लूटकर मौके से फरार हो गए। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील पांडे गली रोड की है। लूट की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश अपाचे बाइक पर सवार होकर आए और पेट्रोल पंप के कैशियर मणिकांत श्रीवास्तव, जो कि स्टेशन रोड स्थित एल.के. बॉस पेट्रोल पंप के कैशियर हैं, उन्हें निशाना बनाया। अपराधियों ने उनके झोले में रखे बैग को छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर हथियार तान दिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने कैशियर के हाथ पर वार कर उन्हें घायल भी कर दिया, इसके बाद नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
पढे़ं; 'तेज प्रताप ने मेरे कपड़े फड़वाए और वीडियो बनवाया', पूर्व सहयोगी सौरभ ने लगाए लालू के बेटे पर आरोप
सूचना पर सिटी एसपी कोटा किरण कुमार, एसडीपीओ टाउन-2 सुरेश कुमार और नगर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। इस घटना को लेकर पीड़ित कैशियर मणिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि वे रोज की तरह पंजाब नेशनल बैंक, मोतीझील शाखा में पेट्रोल पंप का पैसा जमा करने जा रहे थे। प्रतिदिन की भांति जैसे ही वह निकले, उसी दौरान अपाचे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी साइकिल में टंगा नकदी से भरा बैग उतारने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने हथियार से हमला कर उनके हाथ को घायल कर दिया और बैग लेकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी बाजार में इस तरह की वारदात पुलिस गश्ती और अपराधियों के बढ़ते हौसले पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
घटना पर सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप के कैशियर से हथियार के बल पर लूट की वारदात हुई है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश बाइक पर आते हुए दिखे हैं। इसके आधार पर छानबीन की जा रही है। शहर के सभी चौक-चौराहों पर जांच अभियान बढ़ा दिया गया है और जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।