घटनास्थल पर पहुंच पुलिस ने शुरू की जांच
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थानाक्षेत्र के राजवाड़ा गांव में एक चौड़ में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में हलचल मच गई। स्थानीय लोग शव को देखने के लिए बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने चौड़ में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पहचान के लिए मृतक की तस्वीर को जिले के विभिन्न थानों में सर्कुलेट किया जा रहा है।
वहीं, स्थानीय निवासी मोहम्मद मोकीम आलम ने बताया कि शव यहां कैसे आया, यह स्पष्ट नहीं है। मृतक हमारे गांव का नहीं लगता। हमने पुलिस को इसकी जानकारी दी, ताकि जांच आगे बढ़ सके। ग्रामीणों के अनुसार, शव की हालत देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि मृतक को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया है।
वहीं, पुलिस इस मामले में हर संभव एंगल से जांच कर रही है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य सुराग नहीं मिला है। अधिकारियों ने बताया कि हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस घटना के बाद से राजवाड़ा गांव के निवासियों में दहशत है। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर शव यहां कैसे पहुंचा और इसका उद्देश्य क्या था।
वहीं, ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने कहा कि शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और अन्य जिलों में भी जानकारी साझा की गई है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।