हार के मुजफ्फरपुर जिले में दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक स्थानीय युवक और आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज के दो छात्र शामिल हैं। हादसा तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की-छाजन रोड पर रात के समय हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। वहीं, मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों की मौत से संस्थान में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान छाजन मनरिया निवासी करीब 25 वर्षीय राकेश कुमार, भागलपुर जिले के रहने वाले मिलिंद कुमार और महाराष्ट्र निवासी सोहम ठाकरे के रूप में हुई है। मिलिंद कुमार और सोहम ठाकरे आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज के छात्र थे। तुर्की थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने सोहम ठाकरे की मौत की पुष्टि की है। दोनों छात्रों ने गंभीर हालत में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मछली की दुकान से लौट रहे थे तीन युवक
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक तुर्की चौक स्थित मछली की दुकान से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज के दो छात्र दूसरी बाइक से तुर्की की ओर जा रहे थे। तुर्की-छाजन रोड पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज के दोनों छात्रों की भी मौत हो गई। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें एक की स्थिति नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, हादसे की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ वेस्ट-2 अनिमेष चंद्र ज्ञानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में कुल पांच युवक घायल हुए थे। इनमें दो मेडिकल कॉलेज के छात्र और तीन स्थानीय युवक शामिल थे। हादसे में तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य घायल हैं।
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, तीन युवकों की मौत से उनके परिजनों में मातम पसरा हुआ है।