घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुजफ्फरपुर–समस्तीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर सरमस्तपुर चौक के पास की है, जहां सड़क पर एक युवक का शव क्षतिग्रस्त हालत में मिला। सिर बुरी तरह कुचले जाने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, लगा जाम
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। लोगों के रुकने और अफरातफरी के कारण कुछ देर के लिए एनएच-28 पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी सकरा थाना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद सकरा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सामान्य कराया। हादसे के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर छानबीन जारी है।
पढ़ें- अवैध संबंध का विरोध करने पर काट दिया गला: शख्स की निर्मम हत्या से सनसनी; बहू के प्रेमी पर जान लेने का आरोप
चश्मदीद ने बताई घटना की जानकारी
स्थानीय निवासी गोविंद कुमार ने बताया कि मृतक युवक किसी सवारी में नहीं था और संभवतः सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि युवक का सिर पूरी तरह कुचला हुआ था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है कि कहीं वह स्थानीय निवासी तो नहीं था।
थाना प्रभारी का बयान, पहचान की कोशिश जारी
सकरा थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु डीएसपी शिवानी श्रेष्ठा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जिसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पहचान के लिए शव की तस्वीरें आसपास के थानों में भेजी जा रही हैं। पहचान होने पर परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।