कांवरिया पथ पर शव मिलने से हलचल तेज।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक युवक का शव बाबा गरीबनाथ मंदिर से कुछ दूरी पर कांवरिया पथ पर मिला है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर अलग-अलग थानों में भेज रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 32 से 35 वर्ष के बीच आंकी गई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक ने सुबह पानी पिया था और वह काफी बीमार लग रहा था। कुछ देर बाद वह सो गया और बाद में पता चला कि उसकी मौत हो गई है। मृतक कहां का रहने वाला था और यहां कैसे पहुंचा? इसकी जानकारी किसी को नहीं है। उसने सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहन रखी थी, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह कहीं गार्ड का काम करता था। उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि मृतक नशे की हालत में था और इसी दौरान उसकी मौत हो गई।