Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के बलहिया गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 25 वर्षीय चांदनी देवी, पति राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
6 साल की बेटी ने पुलिस को बताई आखिरी बात
मृतका की छह वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने उसके पिता से उस दिन काम पर नहीं जाने की बात कही थी, लेकिन वे नहीं माने और घर से चले गए। बच्ची के अनुसार, पिता के जाने के कुछ देर बाद उसकी मां फंदे से लटकी मिली। पुलिस बच्ची के बयान को भी जांच का हिस्सा मानकर अन्य साक्ष्यों से मिलान कर रही है।
पति फरार, एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना के बाद मृतका का पति घर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें:
भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ने वापस लिया नाम, नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा
'पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट'
एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी का प्रतीत होता है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जांच भी कराई गई है और उसकी रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। घर में घटना के समय बच्चों के अलावा केवल पति मौजूद था, जो अब फरार है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आवेदन मिलने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।