मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के अगले दिन एक महिला मरीज की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके परिजन आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा करने लगे। घटना रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। मौत की खबर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान आक्रोशित परिजन और अस्पताल कर्मी आपस में भिड़ गए। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस और एसडीपीओ टाउन-2 भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
डिलीवरी के बाद बिगड़ी थी महिला की तबीयत
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के अजीतपुर बेलबर निवासी राजेश कुमार की पत्नी प्रियंका देवी (35) को डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें वहां से रेफर कर दिया। घटना के बाद महिला के परिजन प्रियंका को रविवार को ब्रह्मपुरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि रेफर करने से पहले ही डॉक्टर की लापरवाही के कारण प्रियंका ने दम तोड़ दिया था।
शव लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन, लगाया लापरवाही का आरोप
परिजन मृतका का शव लेकर उक्त अस्पताल में पहुंच गए। इसके बाद डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
ये भी पढ़ें-
बिहार में आसमान तक उठा पानी का ‘बवंडर’: तेज हवा-बारिश के बीच दिखा दुर्लभ नजारा, मौसम विभाग ने क्या बताया?
पुलिस ने कहा- किसी पक्ष ने नहीं दी शिकायत
इस पूरे मामले में सदर थाना की पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। इस मामले में परिजनों या किसी अन्य पक्ष की ओर से अब तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है।