सार
मुजफ्फरपुर में अवैध खनन में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का कहर जारी है। दो दिनों में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। लगातार हो रहे हादसों के बाद प्रशासनिक लापरवाही और अवैध खनन के नेटवर्क पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
बेलगाम रफ्तार की ट्रैक्टर का कहर
- फोटो : Amar Ujala
मुजफ्फरपुर जिले में अवैध मिट्टी खनन में लगे बेलगाम ट्रैक्टर अब आम लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगे हैं। पिछले दो दिनों के भीतर ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासनिक व्यवस्था और अवैध खनन के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को रौंदा
ताजा मामला मीनापुर थाना क्षेत्र का है, जहां जीविका समूह से जुड़ी एक महिला की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। बताया गया कि तेतरी देवी अपने पति चंद्रेश्वर के साथ स्वास्थ्य केंद्र से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को रौंद दिया। हादसे में तेतरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, जजुआर थाना क्षेत्र में एनएच-527सी पर अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर ने 25 वर्षीय रंजीत कुमार को कुचल दिया। इस हादसे में उनकी जान चली गई। दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हालांकि, इससे पहले औराई थाना क्षेत्र के जोंकी गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 13 वर्षीय दीपक कुमार को कुचल दिया था। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कांटी प्रखंड के पकड़ी गांव में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने 15 वर्षीय नाव्या कुमारी को रौंद दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें-
Bihar: प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सरकार सख्त, एक्शन प्लान तैयार; आयोगों को मिले कड़े निर्देश
इलाके में दहशत का माहौल
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का खेल चल रहा है, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित है। लोगों का कहना है कि मिट्टी लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में बिना किसी नियम-कानून के सड़कों पर दौड़ते हैं। कई बार इन वाहनों को नाबालिग चालक चलाते हैं और ट्रैक्टरों में तेज आवाज वाले अवैध साउंड सिस्टम लगाए जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन और बेलगाम ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।